चकिया/चंदौली। मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक तरफ परिवार सड़क हादसे में अपने परिजन को खोने का गम मना रहा था, वहीं दूसरी ओर शातिर चोरों ने मदद के लिए आए एक युवक की बाइक पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना अनन्या लॉन के पास की है, जिसका CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बीते कल सुबह चकिया-बबुरी-मुगलसराय मार्ग पर बिठवल गाँव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय नरेन्द्र कुमार झा की मृत्यु हो गई थी। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही परसोत्तम पुर निवासी राहुल झा अपनी बाइक से तुरंत मौके पर पहुंचे।
घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए, राहुल ने बिना समय गंवाए अपनी बाइक अनन्या लॉन के पास खड़ी की और एम्बुलेंस व अन्य मदद के साथ हॉस्पिटल चले गए।
जब राहुल हॉस्पिटल से वापस लौटे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस स्थान पर उन्होंने अपनी बाइक खड़ी की थी, वहाँ से बाइक नदारद थी। काफी खोजबीन और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद भी जब बाइक का कुछ पता नहीं चला, तब राहुल ने इस घटना की लिखित सूचना बबुरी थाने में दी।
मौके पर लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, तो उसमें चोरी की पूरी वारदात कैद मिली। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह चोरों ने भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर खड़ी बाइक को पार कर दिया।
बबुरी पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क हादसों के समय चोरों का इस तरह सक्रिय होना पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।





0 Comments