चकिया (चंदौली)। लोक मीडिया दैनिक। सिकन्दरपुर गांव में बिजली व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है। पूरे गांव में बिजली होने के बावजूद पंचायत भवन के पास बसे लगभग 20 घरों में पिछले कई दिनों से अंधेरा छाया हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक बिजली पोल गिर जाने के कारण इन घरों की बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है। भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में पंखा-कूलर न चलने से बच्चों और बुजुर्गों का जीना मुश्किल हो गया है। दिन भर की थकान के बाद रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों को शिकायत की, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। एक प्रभावित निवासी ने बताया, “पूरे गांव में बिजली है, सिर्फ हमारे मुहल्ले में अंधेरा है। बार-बार शिकायत करने पर विभाग वाले ‘जल्द ठीक करा देंगे’ कहकर टाल रहे हैं। अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
ग्रामीणों का कहना है कि छोटी सी समस्या को हल करने में बिजली विभाग की इतनी लापरवाही चिंताजनक है। उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप कर पोल ठीक करने और प्रभावित घरों को बिजली बहाल करने की मांग की है।
(लोक मीडिया दैनिक संवाददाता)

0 Comments