Ticker

6/recent/ticker-posts

बिजली-पानी को लेकर मचा हाहाकार, ग्रामीणों में रोष

 


चकिया (चंदौली): उमस भरी गर्मी में चकिया क्षेत्र के सिकन्दरपुर, विजयपुरवाँ और बीकापुर गांवों में बिजली संकट ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। 13 मई को आए आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह चरमरा दिया, लेकिन अब तक विभाग की लापरवाही जारी है। कई जगह बिजली के खंभे गिरे पड़े हैं, जबकि जहां सुधार किया भी गया, वहां लगातार कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं।

विजयपुरवाँ गांव के समाजसेवी सलाम खान ने बताया कि गांव की बिजली पहले जागेश्वर नाथ फीडर से सप्लाई होती थी, जो सुचारू रूप से चल रही थी। तूफान के बाद इसे उत्तरौत फीडर से जोड़ दिया गया। इसके बाद से कर्मचारियों की मनमानी शुरू हो गई है। फॉल्ट होने पर कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते और समय पर बिजली नहीं दी जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि 8 दिनों से कई घरों में अंधेरा छाया हुआ है। इनवर्टर भी बंद हो चुके हैं। बिजली न होने से पानी नहीं भर पा रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। तट्टी-पेशाब के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है। बच्चों और बुजुर्गों का हाल सबसे ज्यादा खराब है।


विजयपुरवाँ गांव की बिजली को तुरंत पुराने जागेश्वर नाथ फीडर से जोड़ा जाए, ताकि सुचारू बिजली सप्लाई बहाल हो सके।

इस मुद्दे को लेकर विजयपुरवाँ गांव के दर्जनों उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन में अर्जुन विश्वकर्मा, पारस विश्वकर्मा, नूरुद्दीन चौधरी, इजहार अंसारी, प्रदुम प्रजापति, लाल बाबू, रईस, निहाल, बिन्दर विश्वकर्मा, मुमताज, भगवानी देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments