लोकपति सिंह (जिला संवाददाता)
इलिया। कुष्ठ रोग को दूर भगाने के लिए तथा सभी को जागरूक करने के लिए स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को प्राथमिक विद्यालय इलिया से रैली निकाली गई। जिला पर्यवेक्षक विवेक सिंह तथा प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पूरे कस्बे का भ्रमण करने के बाद वापस विद्यालय आई। जहां उपस्थित शिक्षकों एवं बच्चों को कुष्ठ रोगियों से भेदभाव दूर किए जाने के लिए शपथ दिलाया गया। जिला पर्यवेक्षक विवेक सिंह ने कहा कि कुष्ठ रोग छुआछूत की बीमारी नहीं है। कुष्ठ रोगियों से किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। उनके साथ मित्रवत व्यवहार करना चाहिए। इसका इलाज सभी सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि चंदौली जिले का चयन पेप प्लस परियोजना के लिए हुआ है। जिसमें कुष्ठ रोग से बचाव के लिये उनके सम्पर्क में रहने वाले लोगों को दवा खिलाई जाएगी। यह कुष्ठ रोग के प्रसार को रोकने में बेहद कारगर साबित होगा। रैली के दौरान मंगल सिंह, राजीव, चंद्रबली, रितिक, मीनू सिंह, ज्योति सिंह, विनोद आदि रहे।


0 Comments